सिद्धरमैया और शिवकुमार दिल्ली पहुंचे, आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की संभावना
सिद्धरमैया और शिवकुमार दिल्ली पहुंचे, आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की संभावना
नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार बुधवार को दिल्ली पहुंच गए जहां उनके राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार और मौजूदा मंत्रियों को विभागों के आवंटन पर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा करने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कर्नाटक में सिद्धरमैया और शिवकुमार ने 20 मई को आठ मंत्रियों के साथ क्रमश: मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि इन मंत्रियों को अभी विभागों का आवंटन नहीं किया गया है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने पिछले हफ्ते शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिल्ली में हुई बैठक में आठ मंत्रियों की पहली सूची को मंजूरी दी थी। हालांकि पहले मंत्रिमंडल में अभी कई और विधायकों को शामिल किए जाने की योजना है।
सूत्रों ने बताया कि चर्चा के दौरान कुछ नामों को लेकर सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कथित रूप से मतभेद है।
सिद्धरमैया के लिए नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन और एक ऐसे मंत्रिमंडल का गठन, जिसमें सभी समुदायों, क्षेत्रों, गुटों और नयी व पुरानी पीढ़ी के विधायकों को प्रतिनिधित्व हासिल हो, काफी चुनौतीपूर्ण कार्य है।
कर्नाटक मंत्रिमंडल में मंत्रियों की स्वीकृत संख्या 34 है। इसे देखते हुए कई नेता मंत्री बनने की होड़ में शामिल हैं।
भाषा हक माधव नरेश
नरेश

Facebook


