सिक्किम, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने संपर्क बढ़ाने और विकास के मुद्दों पर चर्चा की
सिक्किम, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने संपर्क बढ़ाने और विकास के मुद्दों पर चर्चा की
गंगटोक, तीन जुलाई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। यहां एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, तमांग ने मुख्यमंत्री पद संभालने पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों में सिलीगुड़ी स्थित एसएनटी कॉम्प्लेक्स में ‘सुस्वास्थ्य भवन सिक्किम’ की स्थापना को मंजूरी देना शामिल है। प्रस्तावित केंद्र में सिलीगुड़ी में इलाज करा रहे सिक्किम के मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को इस परियोजना के लिए आवश्यक अनुमति जारी करने के निर्देश भी दिए।
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में संचालित सिक्किम-पंजीकृत टैक्सियों के लिए ‘काउंटर सिग्नेचर परमिट’ का कोटा 3,000 से बढ़ाकर 6,000 करने पर भी सहमति जताई। इस निर्णय से टैक्सी चालकों को बड़ा लाभ मिलने के साथ-साथ सिक्किम और सिलीगुड़ी के बीच यात्रियों की आवाजाही तथा संपर्क व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है।
जब एक राज्य में पंजीकृत टैक्सी दूसरे राज्य में व्यावसायिक रूप से चलती है, तो केवल उसके अपने राज्य का परमिट पर्याप्त नहीं होता। दूसरे राज्य के परिवहन प्राधिकरण को भी उस परमिट पर काउंटरसिग्नेचर करना पड़ता है। इसे काउंटर सिग्नेचर परमिट कहा जाता है।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने 2023 में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ (जीएलओएफ) से हुई तबाही के बाद की स्थिति की भी समीक्षा की। इस आपदा के कारण तीस्ता नदी में भारी मात्रा में गाद (तलछट) जमा हो गई थी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-10 को व्यापक नुकसान पहुंचा था।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


