संदेशखालि के हालात ‘अत्यंत निंदनीय’, पुलिस उपद्रवियों के साथ मिली हुई है: बंगाल के राज्यपाल
संदेशखालि के हालात ‘अत्यंत निंदनीय’, पुलिस उपद्रवियों के साथ मिली हुई है: बंगाल के राज्यपाल
कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने गृह मंत्रालय को एक रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें उन्होंने पुलिस पर संदेशखालि में ‘‘उपद्रवी तत्वों’’ के साथ मिले होने का आरोप लगाया। राजभवन सूत्रों ने यह जानकारी दी।
संदेशखालि में महिलाएं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों के कथित अत्याचारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।
बोस ने रिपोर्ट में कहा कि स्थानीय लोग अपने आरोपों की जांच के लिए एक विशेष कार्य बल या विशेष जांच दल का गठन चाहते हैं। बोस ने सोमवार को अशांत क्षेत्र का दौरा किया और प्रदर्शनकारियों से बातचीत भी की।
बोस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी रिपोर्ट में कहा, ‘‘ मैंने पीड़ितों से बातचीत की और संदेशखालि का दौरा करके मामले का जायजा लिया है। मेरी राय में, वहां की स्थिति बेहद निंदनीय है।’’
राज्यपाल ने रिपोर्ट में यह भी कहा कि पुलिस, उपद्रवियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बजाय स्थानीय लोगों को उनके साथ समझौता करने की सलाह दे रही है। रिपोर्ट में कहा कि पीड़ितों यह भावना व्यापत है कि पुलिस उपद्रवियों के साथ मिली हुई है।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


