होशियारपुर में ‘ग्रंथी’ की आत्महत्या के संबंध में छह लोग गिरफ्तार
होशियारपुर में ‘ग्रंथी’ की आत्महत्या के संबंध में छह लोग गिरफ्तार
होशियारपुर (पंजाब), 14 जून (भाषा) पुलिस ने एक ‘ग्रंथी’ को कथित तौर पर धमकी और मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में छह ग्रंथियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतिंदर सिंह, राजवंत सिंह, परगट सिंह, गुरजंत सिंह, तस्वीर सिंह और मेहर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सतिंदर सिंह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी लुधियाना के निवासी हैं और वर्तमान में होशियारपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न गुरुद्वारों से जुड़े हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक जसपाल सिंह (28) एक ग्रंथी था और यहां एक गुरुद्वारे में धार्मिक सेवाएं दे रहा था।
उसके पिता, जो स्वयं भी ग्रंथी हैं, लगभग छह महीने पहले सतिंदर सिंह के कहने पर उत्तर प्रदेश से पड्डी सूरा सिंह आ गए थे। उन्होंने गुरुद्वारा कुटिया साहिब में सेवा देना शुरू कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि जसपाल किटना गांव के निकट स्थित गुरुद्वारा संगरा में धार्मिक सेवाएं दे रहा था और अपनी पत्नी लवप्रीत कौर के साथ वहीं रहता था।
शिकायत के अनुसार, नौ जून की सुबह सतिंदर सिंह अन्य आरोपी ग्रंथियों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ जसपाल के पास पहुंचा और इलाके में आयोजित होने वाले ‘अखंड पाठ’ ओर ‘सहज पाठ’ समेत धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सेदारी की मांग की।
पुलिस के अनुसार, जसपाल द्वारा कथित तौर पर इनकार किए जाने पर आरोपियों ने उसे धमकाना और परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने उस पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का आरोप भी लगाया और धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन करने की उसकी क्षमता पर सवाल उठाए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बताया कि इन कथित धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर जसपाल ने 12 जून की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता के बयान के आधार पर माहिलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप

Facebook


