ओडिशा के दो जिलों में अलग-अलग घटनाओं में छह बच्चों की डूबने से मौत
ओडिशा के दो जिलों में अलग-अलग घटनाओं में छह बच्चों की डूबने से मौत
भुवनेश्वर, 16 सितंबर (भाषा) ओडिशा के गंजाम और सुंदरगढ़ जिलों में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लड़कियों समेत छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलंगाबहाल गांव में सुबह करीब नौ बजे करमा पूजा के लिए रेत इकट्ठा करने के दौरान तीन लड़कियां शंख नदी में डूब गईं।
मृतकों की पहचान गीतिका साहू (6), सिबिका साहू (6) और श्रुति साहू (8) के रूप में हुई है। तीनों मजहाटोली की रहने वाली थीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके शवों को पोस्टमार्टम जांच के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है। एक अन्य घटना में गंजाम जिले के दिगपहांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव के तालाब में सुबह करीब 10 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान आठवीं कक्षा का एक छात्र डूब गया।
पुलिस ने बताया कि छात्र की पहचान सितांशु जेना के रूप में हुई है। उसे दिगपहांडी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि तीसरी घटना में बुधवार सुबह गणेश प्रतिमा विसर्जन करने के दौरान 14 वर्षीय दो छात्र घोड़ाहाड़ नदी में डूब गए।
मृतकों की पहचान आदर्श साहू और प्रीतम सामेली के रूप में हुई है। दोनों गंजाम जिले के हिंजिलिकट नगरपालिका क्षेत्र के रहने वाले थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों लड़के विसर्जन समारोह के लिए अन्य लोगों के साथ नदी पर गए थे, जहां वे गलती से गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा संतोष मनीषा
मनीषा

Facebook


