उत्तराखंड से तीन पूर्व विधायकों समेत छह नेता कांग्रेस में शामिल
उत्तराखंड से तीन पूर्व विधायकों समेत छह नेता कांग्रेस में शामिल
नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) उत्तराखंड विधानसभा के तीन पूर्व सदस्यों समेत राज्य के छह नेता शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्या, गौरव गोयल, लाखन सिंह और अनुज गुप्ता ने यहां कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।
ये सभी नेता अलग-अलग समय पर सत्तारूढ़ भाजपा का हिस्सा रहे हैं।
इनके कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता यशपाल आर्या, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत और कुछ अन्य नेता मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे, क्योंकि उन्होंने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह राजनीति से 15 दिन का संन्यास ले रहे हैं। इसे उनकी कांग्रेस से नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।
सैलजा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज उत्तराखंड से कई साथी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। यह बहुत खुशी की बात है और इन सभी लोगों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है।’’
सैलजा ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है तथा आने वाले दिनों में उत्तराखंड के कई और नेता कांग्रेस में शामिल होंगे।
उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार को लेकर लोगों के मन में काफी गुस्सा है।
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया, ‘‘राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बीते वर्षों में कई ऐसे कांड सामने आए, जिनका पर्दाफाश कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर किया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की छवि चमकाने की बहुत कोशिश की गई, लेकिन उनकी असली छवि जनता के सामने आ चुकी है।’’
सैलजा ने कहा, ‘‘राज्य के लोगों के मन में कांग्रेसके प्रति विश्वास बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे।’’
राजकुमार ठुकराल रुद्रपुर, नारायण पाल ऊधमपुर के सितारगंज और भीमलाल आर्या घनशाली से विधायक रहे हैं।
भीमताल से ताल्लुक रखने वाले लाखन नेगी जिला पंचायत सदस्य रहे हैं। गौरव गोयल रुड़की के पूर्व महापौर और अनुज गुप्ता मसूरी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष हैं ।
उत्तराखंड में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव संभावित है।
भाषा हक अविनाश नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


