महिलाओं के गरिमापूर्ण और सुरक्षित जीवन के बिना समाज नहीं कर सकता प्रगति : ममता बनर्जी

महिलाओं के गरिमापूर्ण और सुरक्षित जीवन के बिना समाज नहीं कर सकता प्रगति : ममता बनर्जी

महिलाओं के गरिमापूर्ण और सुरक्षित जीवन के बिना समाज नहीं कर सकता प्रगति : ममता बनर्जी
Modified Date: March 8, 2026 / 07:06 pm IST
Published Date: March 8, 2026 7:06 pm IST

कोलकाता, आठ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि महिलाएं गरिमा और सुरक्षा के साथ जीवन यापन नहीं करती हैं तो समाज प्रगति नहीं कर सकता।

बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अपनी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई कई कल्याणकारी पहलों का उल्लेख भी किया, जिसमें कहा गया कि ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना में अब 2.41 करोड़ महिला लाभार्थी हैं।

इस योजना के तहत मासिक भत्ता 500 रुपये बढ़ा दिया गया है, जिसके तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति परिवारों की महिलाओं को अब प्रति माह 1,700 रुपये जबकि अन्य को 1,500 रुपये मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य साथी स्वास्थ्य योजना के तहत लगभग 2.42 करोड़ महिलाओं को स्मार्ट कार्ड प्राप्त हुए हैं, जो परिवार की महिला सदस्य के नाम पर जारी किए गए हैं।

बनर्जी ने कन्याश्री योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लगभग एक करोड़ छात्राएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं और संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनेस्को से सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने के बाद इस कार्यक्रम को वैश्विक मान्यता मिली है।

बनर्जी ने इस बात पर बल दिया कि महिलाएं समाज का गौरव हैं, और साथ ही कहा कि हर दिन को महिला दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं गरिमा और सुरक्षा के साथ जीवन यापन नहीं करती हैं तो कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रूपाश्री योजना के तहत लगभग 23 लाख महिलाओं को विवाह के लिए 25,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता मिली है, जबकि सबुज साथी योजना के तहत 79 लाख लड़कियों समेत विद्यार्थियों को लगभग 1.48 करोड़ साइकिलें वितरित की गई हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में