सोमनाथ अमृत महोत्सव: वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण टीम ‘एअर शो’ का प्रदर्शन करेगी

सोमनाथ अमृत महोत्सव: वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण टीम ‘एअर शो’ का प्रदर्शन करेगी

सोमनाथ अमृत महोत्सव: वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण टीम ‘एअर शो’ का प्रदर्शन करेगी
Modified Date: May 10, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: May 10, 2026 6:38 pm IST

गिर सोमनाथ, 10 मई (भाषा) भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्य किरण एरोबैटिक टीम’ (एसकेएटी) 11 मई को सोमनाथ मंदिर के ऊपर ‘एअर शो’ का प्रदर्शन करेगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह कार्यक्रम मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव-2026’ समारोह का हिस्सा होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार रविवार सुबह मंदिर के ऊपर विमानों के अभ्यास के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे और बेहद नजदीक से उड़ान प्रदर्शन करने वाले पायलटों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस वर्ष के प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण वायुसेना के नासिक स्थित बेस रिपेयर डिपो द्वारा विकसित स्वदेशी ‘स्मोक पॉड’ होंगे, जिनसे आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर तिरंगे की आकृति बनाई जाएगी। इसके अलावा वायुसेना का चेतक हेलीकॉप्टर सोमनाथ मंदिर पर पुष्पवर्षा भी करेगा।

विंग कमांडर जनमीत शर्मा ने बताया कि 15 मिनट के इस प्रदर्शन में लाल और सफेद रंग के ‘हॉक एमके-132’ विमानों से साहसिक हवाई करतब दिखाए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि विमान जामनगर वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरकर करीब 18 मिनट में सोमनाथ पहुंचेंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के नेतृत्व वाली टीम में 13 पायलट शामिल हैं। वर्ष 1996 में स्थापित सूर्य किरण टीम अब तक भारत में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है और कई देशों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी है।

भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद द्वारा इस भव्य मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह समारोह आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ के हेलीपैड से वीर हमीरजी गोहिल की प्रतिमा तक रोड शो करेंगे। वह मंदिर में अभिषेक, ध्वज पूजा और महापूजा भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री सद्भावना मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाषा राखी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में