राजस्थान में जमीन विवाद के चलते बेटे ने ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या की
राजस्थान में जमीन विवाद के चलते बेटे ने ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या की
जयपुर, 26 जून (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पिता पर कथित तौर पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मेहाड़ा थाना क्षेत्र के धोसी गांव में बृहस्पतिवार देर रात हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शमशेर सिंह (38) ने अपने पिता महावीर प्रसाद (65) के साथ कथित तौर पर मारपीट की, उन्हें घसीटकर सड़क पर ले गया और फिर जानबूझकर उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
मृतक के दामाद राकेश कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, बृहस्पतिवार रात महावीर प्रसाद घर पर अकेले थे क्योंकि उनकी पत्नी रिश्तेदारों से मिलने गई थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महावीर प्रसाद एक धर्मशाला के पास बैठे थे, तभी शमशेर वहां आया और उनसे मारपीट करने लगा। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन शमशेर अपने पिता को पीटता रहा। इसके बाद वह उन्हें घसीटकर सड़क पर ले गया और उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
महावीर प्रसाद को तुरंत खेतड़ी के सरकारी उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी राम मनोहर थोलिया ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच पिछले तीन साल से जमीन का विवाद चल रहा था। रिश्तेदारों द्वारा मामले को सुलझाने के कई प्रयास विफल रहे थे और आरोपी अलग रह रहा था।
महावीर के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है।
पुलिस ने बताया कि सरकारी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


