नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय में बृहस्पतिवार को एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।
यह प्रदर्शनी ‘सेवा दिवस : 25 इयर्स ऑफ पब्लिक सर्विस’ शीर्षक से आयोजित की जा रही है।
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर शहर में हुआ था।
पीएमएमएल की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस प्रदर्शनी का “उद्घाटन आज प्रधानमंत्री संग्रहालय में प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने किया।”
बयान के अनुसार, इस प्रदर्शनी में मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के विषयों और विचारों से प्रेरित चित्रों का शानदार संग्रह, प्रधानमंत्री के पोर्ट्रेट वाली 3डी कलाकृतियों, ‘द मैन एंड हिज मिशन’ नाम की डाक-टिकट प्रदर्शनी और संग्रहालय के तोशाखाने से चुनी गई चीजें शामिल की गई हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह प्रदर्शनी 30 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।
भाषा पारुल गोला
गोला