सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले में विजयन, परिवार के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित

सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले में विजयन, परिवार के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित

सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले में विजयन, परिवार के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठित
Modified Date: September 23, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: September 23, 2026 9:23 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 23 सितंबर (भाषा) केरलम के गृह विभाग ने सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके परिवार के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए बुधवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, जांच की निगरानी अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एच. वेंकटेश करेंगे।

पुलिस अधीक्षक विक्रमन जांच अधिकारी होंगे। एसआईटी में तीन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और छह सर्किल इंस्पेक्टर शामिल हैं।

विशेष जांच दल का गठन ऐसे समय किया गया है जब एक दिन पहले यूडीएफ सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिपोर्ट के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज किए बिना पुलिस जांच का आदेश दिया था। ईडी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता विजयन, उनकी बेटी वीणा टी., उनके पति (पूर्व मंत्री) पी. ए. मोहम्मद रियास और अन्य के खिलाफ सीएमआरएल और एक्सालॉजिक के बीच कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर कार्रवाई की मांग की थी।

इससे पहले दिन में केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने विजयन और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आरोपों की जांच का आदेश देने के राज्य सरकार के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला कानूनी सलाह और उच्चतम न्यायालय के फैसलों के आधार पर लिया गया है और इसका उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं है।

ईडी ने एक निजी खनन कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा के स्वामित्व वाली अब बंद हो चुकी आईटी कंपनी एक्सालॉजिक के बीच कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर विजयन, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में