स्पाइसजेट की दुबई की दो उड़ानों में काफी देरी होने पर यात्रियों ने किया प्रदर्शन

स्पाइसजेट की दुबई की दो उड़ानों में काफी देरी होने पर यात्रियों ने किया प्रदर्शन

स्पाइसजेट की दुबई की दो उड़ानों में काफी देरी होने पर यात्रियों ने किया प्रदर्शन
Modified Date: September 15, 2026 / 02:01 pm IST
Published Date: September 15, 2026 2:01 pm IST

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट के करीब 200 यात्रियों ने सोमवार से दुबई की उनकी उड़ानों का कई बार समय बदले जाने एवं बहुत ज्यादा देरी होने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार सोमवार को दुबई के लिए दो उड़ानें -एसजी 5111 और एसजी 5105 – क्रमशः सुबह और शाम को रवाना होने वाली थीं, लेकिन उनके प्रस्थान का समय बदल दिया गया। ऐसे में कई यात्री हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं।

जब इस संबंध में संपर्क किया गया तो एअरइलाइन के प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए मंगलवार को खेद व्यक्त किया तथा कहा कि वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि सोमवार देर शाम से दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन (टी3) पर अलग-अलग जगहों पर करीब 200 यात्रियों ने विरोध-प्रदर्शन किया और हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह मामला स्पाइसजेट के अधिकारियों के सामने उठाया है।

एअरलाइन प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ानों–एसजी 5111 और एसजी 5105 में परिचालन कारणों से देरी हुई है, क्योंकि एक विमान को रोक दिया गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों का इंतजाम किया जा रहा है। एअरलाइन यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम से कम करने की हरसंभव कोशिश कर रही है।’’

हाल के समय में, स्पाइसजेट कई चुनौतियों का सामना कर रही है।

पिछले हफ्ते, नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और नागर विमानन महानिदेशालय स्पाइसजेट के कामकाज और आर्थिक स्थिति पर बारीकी नजर रख रहे हैं।

भाषा राजकुमार वैभव

वैभव


लेखक के बारे में