सेंट जेवियर पर टिप्पणी: पुलिस ने गौतम खट्टर के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया, भाई गिरफ्तार
सेंट जेवियर पर टिप्पणी: पुलिस ने गौतम खट्टर के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया, भाई गिरफ्तार
पणजी, 22 अप्रैल (भाषा) पुलिस ने गोवा के संरक्षक संत कहे जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर पर विवादास्पद टिप्पणी के संबंध में बुधवार को दक्षिणपंथी कार्यकर्ता गौतम खट्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर दिया और उत्तराखंड से उनके भाई को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गोवा पुलिस की एक टीम मंगलवार को देहरादून (उत्तराखंड) स्थित खट्टर के आवास पर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले।
अधिकारियों के अनुसार, गोवा पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने माधव खट्टर को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया और उसे सह-आरोपी के रूप में नामित किया, क्योंकि यह पाया गया कि उसने चार दिन पहले आयोजित कार्यक्रम में अपने भाई द्वारा दिए गए भाषण को तैयार किया था।
वहीं, एक अधिकारी ने कहा कि एक दिन पहले पुलिस गौतम खट्टर के देहरादून स्थित आवास पर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें समन जारी कर जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा है, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अपराध शाखा ने मुख्य आरोपी गौतम खट्टर के खिलाफ अब एलओसी जारी कर उन्हें देश छोड़ने से रोकने के लिए आव्रजन ब्यूरो को सतर्क कर दिया है। पुलिस टीम उन्हें ढूंढ़ने के लिए देश भर के विभिन्न शहरों में डेरा डाले हुए हैं।’’
सनातन महासंघ के संस्थापक खट्टर का 18 अप्रैल को स्वामी ब्रह्मेशानंद, राज्य के परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो और भाजपा विधायकों-संकल्प अमोनकर तथा दाजी (कृष्ण) सालकर की उपस्थिति में एक कार्यक्रम को संबोधित करने का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया और विरोध प्रदर्शन हुए।
वास्को पुलिस ने खट्टर के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक फूट डालने की कोशिश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
सेंट फ्रांसिस जेवियर के अवशेष ओल्ड गोवा के बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस चर्च में संरक्षित हैं।
बुधवार को अपराध शाखा ने औपचारिक रूप से वास्को पुलिस से इस मामले की जांच का जिम्मा अपने हाथ में ले लिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘गौतम खट्टर के भाई माधव खट्टर को हरिद्वार में पकड़ लिया गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच के लिए गोवा लाया जा रहा है।’’
पुलिस के अनुसार, माधव खट्टर अपने भाई गौतम के साथ वास्को में आयोजित उस कार्यक्रम में मौजूद था, जहां कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि भाषण का वीडियो माधव ने रिकॉर्ड किया था और बाद में उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया था।
जांचकर्ताओं ने बताया कि अपराध शाखा ने कार्यक्रम के आयोजकों से पूछताछ की, जिस दौरान यह सामने आया कि वे गौतम खट्टर की यात्रा से संबंधित समन्वय और रसद व्यवस्था के लिए माधव खट्टर के संपर्क में थे।
उन्होंने बताया कि माधव ने गौतम की इस कार्यक्रम में भागीदारी के लिए कुछ शर्तों पर सहमति जताई थी, जिनमें विमान का टिकट, ठहरने की व्यवस्था और 51,000 रुपये का भुगतान शामिल था।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यह भी पता चला कि गौतम द्वारा कार्यक्रम में दिया गया भाषण कथित तौर पर माधव द्वारा तैयार किया गया था। उसे इस मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार शाम पत्रकारों से कहा था कि पुलिस ने गौतम खट्टर की व्यापक तलाश शुरू कर दी है और उन्हें दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि खट्टर के खिलाफ राज्य में वास्को, ओल्ड गोवा, पणजी, मडगांव और अंजुना सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
गोवा और दमन के आर्चडायोसिस ने भी ‘घृणित और दुर्भावनापूर्ण’ टिप्पणियों की निंदा की है और कहा कि इसका मकसद सेंट फ्रांसिस जेवियर की विरासत को बदनाम करना है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


