स्टालिन ने भाजपा पर उप्र और मणिपुर की तरह तमिलनाडु में हिंसा की ‘साजिश’ रचने का आरोप लगाया

स्टालिन ने भाजपा पर उप्र और मणिपुर की तरह तमिलनाडु में हिंसा की ‘साजिश’ रचने का आरोप लगाया

स्टालिन ने भाजपा पर उप्र और मणिपुर की तरह तमिलनाडु में हिंसा की ‘साजिश’ रचने का आरोप लगाया
Modified Date: April 1, 2026 / 04:24 pm IST
Published Date: April 1, 2026 4:24 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), एक अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘उत्तर प्रदेश और मणिपुर की तरह’’ तमिलनाडु में हिंसा भड़काने की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

आगामी विधानसभा चुनावों के लिए यहां सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की एक रैली को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष स्टालिन ने तिरुचिरापल्ली क्षेत्र में अपनी सरकार द्वारा लागू योजनाओं का विवरण दिया। उन्होंने पंचपुर बस टर्मिनल, मिनी स्टेडियम, जल्लीकट्टू मैदान, मॉडल स्कूल और संयुक्त पेयजल योजनाओं जैसी पहलों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के दोबारा सरकार बनाने के बाद, कामराज के नाम पर एक विशाल पुस्तकालय, एक टाइडल पार्क और एक ओलंपिक अकादमी का इस क्षेत्र में उद्घाटन किया जाएगा।

स्टालिन ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में तिरुचिरापल्ली के लिए 26,066 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी की गई हैं और ‘‘इसीलिए मैं आपसे वोट मांगने आया हूं।’’

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले किए गए वादों को सफलतापूर्वक लागू किया, जिसमें बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए नौ लाख छात्रों को प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है।

इस वर्ष जनवरी में फसल पर्व पोंगल के अवसर पर सभी चावल राशन कार्ड धारकों को 3,000 रुपये की नकद सहायता दी गई।

उन्होंने फरवरी में 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों को 5,000 रुपये दिए जाने का भी उल्लेख किया, जिसमें 1,000 रुपये प्रति माह की सहायता तीन महीने अग्रिम रूप से और अतिरिक्त 2,000 रुपये की ग्रीष्मकालीन सहायता शामिल है। साथ ही, राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सुनिश्चित पेंशन योजना (टीएपीएस) की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सबसे बढ़कर तमिलनाडु में कोई जातीय दंगा नहीं हुआ, न ही भाजपा शासित राज्यों की तरह धार्मिक दंगे हुए हैं। उत्तर प्रदेश जैसी भीड़ हिंसा की घटनाएं भी यहां नहीं हैं। मणिपुर जैसी लगातार हिंसा भी नहीं है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘हमने भाजपा द्वारा ऐसे माहौल पैदा करने की साजिशों को भी विफल किया है। हमारी सरकार के तहत शांतिपूर्ण वातावरण और कुशल मानव संसाधनों के कारण ही आज तमिलनाडु में निवेश आ रहा है। इस विकास को अगले स्तर तक ले जाना जरूरी है। इसके लिए मैंने द्रमुक का चुनावी घोषणापत्र एक स्पष्ट कार्ययोजना के रूप में जारी किया है।’’

घोषणापत्र का हवाला देते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं को ‘‘अधिकार सहायता’’ के रूप में दिए जा रहे 1,000 रुपये मासिक को बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा।

स्टालिन ने कहा कि ‘पुधुमई पेन’ और ‘तमिल पुथलवन’ योजनाओं के तहत वर्तमान में कॉलेज छात्रों को मिलने वाली 1,000 रुपये मासिक सहायता बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी जाएगी। नाश्ता योजना को आठवीं कक्षा तक बढ़ाया जाएगा, जिससे 15 लाख छात्रों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘इलाथरासी’ योजना के तहत गृहिणियों को 8,000 रुपये के कूपन दिए जाएंगे, जिनसे वे अपनी पसंद के दुकानों, ब्रांड और मॉडल से वॉशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी, ग्राइंडर, मिक्सर, माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन चूल्हा जैसे घरेलू उपकरण खरीद या बदल सकेंगी।

स्टालिन ने यह भी आश्वासन दिया कि मुफ्त बिजली का लाभ लेने वाले 20 लाख से अधिक किसानों को बिना मीटर के आधुनिक पंप सेट दिए जाएंगे। धान की खरीद कीमत बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति क्विंटल की जाएगी। गन्ने की खरीद कीमत 4,500 रुपये प्रति टन की जाएगी। दूध की खरीद कीमत में पांच रुपये प्रति लीटर की वृद्धि होगी। वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सहायता बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह की जाएगी।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में