स्टालिन की तबीयत में सुधार, कार्यकर्ताओं से द्रमुक का स्थापना दिवस मनाने की अपील की
स्टालिन की तबीयत में सुधार, कार्यकर्ताओं से द्रमुक का स्थापना दिवस मनाने की अपील की
चेन्नई, 16 सितंबर (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने बुधवार को कहा कि वह घर पर हैं और चिकित्सकों की देखरेख में उनकी तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है।
स्टालिन ने उनका हालचाल जानने वाले सभी नेताओं, फिल्मी हस्तियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर को समाज सुधारक नेता ‘पेरियार’ ई वी रामासामी की जयंती और द्रमुक का 78वां स्थापना दिवस मनाने का भी आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘मेरा कुशलक्षेम जानने के लिए मैं सभी लोगों का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। वायरल संक्रमण के कारण बुखार होने के बाद मैं चिकित्सकों की सलाह पर फिलहाल घर पर ही हूं। इस वजह से मेरे पहले से तय कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सकों की सलाह के अनुसार, मैं अगले दो-तीन दिन तक घर पर ही आराम करूंगा।’’
स्टालिन ने कहा, ‘‘कल (बृहस्पतिवार) थंथई पेरियार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ पार्टी मुख्यालय के निर्देश के अनुसार सभी पार्टी कार्यालयों में ‘सामाजिक न्याय दिवस’ की शपथ दिलाई जानी चाहिए। इसके साथ ही द्रमुक के 78वें वर्ष की शुरुआत के अवसर पर पार्टी के झंडे फहराए जाने चाहिए।’’
द्रमुक महासचिव दुरैमुरुगन ने कहा कि स्टालिन के अस्वस्थ होने के कारण ‘मुप्पेरुम विझा’ कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है और इसकी नयी तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
‘मुप्पेरुम विझा’ द्रमुक द्वारा हर साल आयोजित किया जाने वाला एक प्रमुख कार्यक्रम है, जो पार्टी संस्थापक सी.एन. अन्नादुरई (15 सितंबर) और समाज सुधारक नेता ‘पेरियार’ ई.वी, रामासामी (17 सितंबर) की जयंती तथा पार्टी के स्थापना दिवस (17 सितंबर) के अवसर पर मनाया जाता है।
भाषा खारी संतोष
संतोष

Facebook


