छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एसटीएफ जवान घायल
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एसटीएफ जवान घायल
गरियाबंद (छत्तीसगढ़), दो जनवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के जंगल में रविवार को नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई मुठभेड़ में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एक जवान घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी रायपुर से 200 किलोमीटर दूर स्थित मैनपुर थाना क्षेत्र के देवडोंगर वन क्षेत्र में एसटीएफ के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे, उसी दौरान तड़के मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारी ने कहा कि ओडिशा की सीमा से लगते इलाके में नक्सलियों की आवाजाही को लेकर विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की दो टीम ने शनिवार रात वहां अभियान शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि जब गश्त पर गई टीम में से एक पहाड़ी से आगे बढ़ रही थी तभी हथियारबंद नक्सलियों के एक समूह ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके कारण मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि कुछ देर की गोलीबारी के बाद विद्रोही ओडिशा की ओर घने जंगल में भाग गए।
अधिकारी ने बताया, ‘‘एसटीएफ जवान युवराज सागर के पेट में गोली लगी है। सागर को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।’’ उन्होंने कहा कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक टीम को मौके पर भेजा गया और ओडिशा पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप

Facebook


