नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शांतिपूर्ण होली समारोह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सभी सीमावर्ती सड़कों के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पूरे शहर में 15,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
अधिकारी के अनुसार, यह तैनाती ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत होली से पहले चलाए गए अभियान के साथ की जा रही है। इस अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस (दक्षिणी रेंज) ने 204 लोगों को गिरफ्तार किया और 973 को एहतियाती प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया।
इस वर्ष विशेष ध्यान शराब पीकर या लापरवाही से वाहन चलाने और मोटरसाइकिल स्टंट करने वालों पर रहेगा। इसके लिए प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों, बाजारों और आवासीय कॉलोनियों में कई जगह चेकपोस्ट लगाए जाएंगे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़ी सभी सड़कों वाले सीमावर्ती क्षेत्रों पर सघन जांच की जाएगी। रणनीतिक बैरिकेडिंग और नाका पिकेटिंग की योजना बनाई गई है तथा पूरे त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखी जाएगी।”
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े सभी सीमावर्ती इलाकों पर कड़ी और विस्तृत जांच की जाएगी। इसके लिए रणनीतिक रूप से बैरिकेड लगाए जाएंगे और नाकेबंदी की जाएगी। पूरे त्योहार के दौरान पुलिस की सक्रिय और स्पष्ट मौजूदगी बनाए रखी जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
यातायात पुलिस की कई टीम ‘ब्रेथ एनालाइजर’ और ‘स्पीड डिटेक्शन’ उपकरणों से लैस होकर पूरे दिन अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों की पहचान करेंगी और उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगी।
पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में त्योहार के दिन शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है और 2023 में 559, 2024 में 824 और 2025 में 1,213 मामले दर्ज किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जैसे- तीन लोगों का एक बाइक पर चलना, तेज गति से वाहन चलाना और स्टंट करना।
साथ ही, बिना हेलमेट बाइक चलाने के मामले भी लगातार दर्ज किए जाते रहे हैं। वर्ष 2023 में ये आंकड़े 3,410 थे, जबकि 2024 में 1,524 और 2025 में 2,376 मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने कहा कि दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिलों में चलाए गए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर आदतन अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, शराब तस्करों, संपत्ति अपराधियों और अन्य ‘खराब तत्वों’ पर एक समन्वित कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम, स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, दिल्ली आबकारी अधिनियम और सार्वजनिक जुआ अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत की गई 204 गिरफ्तारियों में चार घोषित अपराधियों और 29 ‘असामाजिक तत्वों’ को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली को जिम्मेदारी के साथ मनाएं, किसी पर जबरदस्ती रंग न डालें और सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा न करें।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे सहयोग करें और त्योहार के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने में मदद करें।’’
भाषा सुरेश नरेश
नरेश