बांग्लादेशी मूल के मुसलमानों के खिलाफ कड़े रुख से राजग के पक्ष में वोट पड़े: हिमंत
बांग्लादेशी मूल के मुसलमानों के खिलाफ कड़े रुख से राजग के पक्ष में वोट पड़े: हिमंत
गुवाहाटी, पांच मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कहा कि बांग्लादेशी मूल के मुसलमानों के खिलाफ उनकी सरकार के ‘अडिग रुख’ ने इस साल के विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के पक्ष में जनता को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत असम के मूल निवासियों की जीत है और उन्होंने राज्य में विकास कार्यों को जारी रखने का आश्वासन दिया।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘पिछले पांच वर्षों में राज्य में हुए अभूतपूर्व विकास और ‘डबल इंजन’ सरकार हमारी जीत के मुख्य कारणों में से एक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने असमिया ‘जाति’ (समुदाय) की सुरक्षा का आश्वासन दिया था और इसे पूरा करने के लिए कदम उठाए। असम ने सांस्कृतिक और आर्थिक क्षेत्रों में प्रगति की है। बांग्लादेश मूल के मुसलमानों के खिलाफ हमारे अडिग रुख का भी प्रभाव पड़ा।’’
राजग ने 126 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 102 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की। भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी एजीपी और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटें हासिल कीं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राजग को ‘जेन जेड’ समेत सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त हुआ, जो भाजपा द्वारा मैदान में उतारे गए युवा चेहरों की जीत से स्पष्ट था।
उन्होंने गुवाहाटी सेंट्रल से निर्वाचित विधायक विजय गुप्ता का जिक्र करते हुए भाजपा के विधायकों में ‘बाहरी’ होने के आरोप को खारिज कर दिया।
शर्मा ने कहा, ‘‘विजय गुप्ता असमिया हैं। अगर वे बिहारी हैं, तो हम (पूर्वज) भी कन्नौज से आए हैं। हम सभी अलग-अलग क्षेत्रों से आए हैं। मंगोलॉयड बाहर से आए, आर्य बाहर से आए। यह बाहरी होने की कहानी आप सभी (मीडिया) ने गढ़ी है।’’
कांग्रेस के खराब चुनावी प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल में बहुत कम लोग हैं जो असम की जनता की भावनाओं को समझते हैं।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


