बेंगलुरु, 10 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु में माध्यमिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के कुछ घंटे बाद छात्रा ने अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि विज्ञान की छात्रा तनुश्री (17) कथित तौर पर तीन विषयों में अनुत्तीर्ण हो गई थी और आशंका है कि इसी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है सिवाय उसके प्रवेश पत्र के जोकि बिस्तर पर पड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार को प्री यूनिवर्सिटी पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष के परिणाम के घोषित होने के बाद अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे सामने आई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब घर में कोई नहीं था तब उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त उसकी मां काम पर गई हुई थी।
प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट तौर पर आत्महत्या का मामला है। छात्रा तीन विषयों में असफल होने से परेशान थी और इस बारे में बात करने के लिए अपने दोस्तों को भी फोन किया था।
दोस्तों ने बताया कि जब तमुश्री ने फोन और संदेशों का जवाब नहीं दिया तो उन्होंने उससे मिलने का फैसला किया।
पुलिस ने बताया कि उसकी मां की शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश