नोएडा में छात्र की मौत : परिवार ने जताई साजिश की आशंका, पुलिस का इनकार

नोएडा में छात्र की मौत : परिवार ने जताई साजिश की आशंका, पुलिस का इनकार

नोएडा में छात्र की मौत :  परिवार ने जताई साजिश की आशंका, पुलिस का इनकार
Modified Date: April 9, 2026 / 07:41 pm IST
Published Date: April 9, 2026 7:41 pm IST

नोएडा, नौ अप्रैल (भाषा) नोएडा में एक निजी विश्वविद्यालय के छात्र की निर्माण स्थल पर एक गड्ढे में कथित तौर पर डूबने से हुई मौत के बाद उसके परिजनों ने इसके पीछे साजिश की आशंका जताई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

परिजनों ने पीड़ित के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया। हालांकि पुलिस ने छात्र की मौत का कारण पानी में डूबने को बताया है।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार मृतक की पहचान हर्षित भट्ट (21) के रूप में हुई है और उसके फेफड़ों में पानी तथा रेत पाई गई है, जबकि विस्तृत जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी और निजी विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा (स्नातक) के अंतिम वर्ष का छात्र भट्ट बुधवार को सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित एक परित्यक्त निर्माण स्थल पर पानी से भरे गड्ढे में डूब गया था।

पुलिस उपायुक्त (नोएडा) साद मियां खान ने बताया कि छात्र परीक्षा समाप्त होने का जश्न मनाने के लिए अपने चार दोस्तों के साथ वहां गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “मौज-मस्ती के दौरान भट्ट नहाने के लिए पास में पानी से भरे गड्ढे में उतरा और अचानक डूब गया।”

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उसके एक साथी ने डायल-112 पर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और ‘पीआरवी’ कर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त खान ने बताया कि भट्ट को बचाने के प्रयास में पानी में उतरे अन्य छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी हालत स्थिर है। इस बीच, भट्ट की मां ने आरोप लगाया कि उसके शरीर पर काले निशान थे, जिससे घटना पर संदेह पैदा होता है।

पुलिस ने हालांकि कहा कि अब तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बचाव कार्य में मदद करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मदद की आवाज सुनकर वह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा दो छात्रों को बाहर निकालने में सफल रहे।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “उन्होंने (छात्रों) बताया कि यह उनकी आखिरी परीक्षा थी और वे पिकनिक मनाने और पार्टी करने आए थे। उनमें से एक नहाते समय गहरे पानी में चला गया।”

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में