सुधाकर न केवल पार्टी, पूरे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण व्यक्ति थे: रणदीप सिंह सुरजेवाला
सुधाकर न केवल पार्टी, पूरे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण व्यक्ति थे: रणदीप सिंह सुरजेवाला
चित्रदुर्ग (कर्नाटक), 11 मई (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को मंत्री डी.सुधाकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह न केवल पार्टी बल्कि पूरे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण व्यक्ति थे।
योजना एवं सांख्यिकी मंत्री सुधाकर का रविवार तड़के बेंगलुरु के कृष्णा आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। उनका पिछले दो महीनों से फेफड़ों के संक्रमण का इलाज किया जा रहा था।
सुरजेवाला ने कहा, “हम सभी आज अपने मित्र, सहयोगी, कैबिनेट मंत्री, समर्पित कांग्रेसी और हमेशा मुस्कुराने वाली शख्सियत सुधाकर के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए यहां मौजूद हैं। वह न केवल कांग्रेस पार्टी, न सिर्फ जिले या अपने विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे राज्य के लिए मूल्यवान व्यक्ति थे।”
बाद में, उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘उनका सौम्य स्वभाव, उनके चेहरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान, जमीनी कार्यकर्ताओं से उनका जुड़ाव, कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा और गरीबों, दलितों तथा आम लोगों के हित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने सुधाकर को सभी का प्रिय बनाया। इसीलिए लोगों ने उन्हें बार-बार चुना।’
उन्होंने कहा कि सुधाकर ने यह साबित कर दिया कि यदि आप जनता की सही सेवा करते हैं तो समुदाय, जाति और धर्म का कोई महत्व नहीं है। सुरजेवाला ने कहा, “वह (सुधाकर) इसका साक्षात उदाहरण थे। उन्होंने जाति या धर्म की बाधाओं को तोड़कर चुनाव जीता। वे हमेशा हमारी यादों में जीवित रहेंगे। हम सभी उनके लिए प्रार्थना करेंगे और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करेंगे।’
सुधाकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर से विधायक थे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जैन रीति-रिवाजों के अनुसार आज चेल्लाकेरे में सुधाकर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, राज्य सरकार के कई मंत्री और कांग्रेस नेताओं के इस अवसर पर मौजूद रहने की उम्मीद है।
राज्य सरकार ने सोमवार को चित्रदुर्ग जिले में स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
दिवंगत नेता के सम्मान में रविवार से शुरू होकर तीन दिनों तक पूरे राज्य में राजकीय शोक घोषित किया गया है।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


