सूरत, 13 मार्च (भाषा) गुजरात के सूरत में पारिवारिक अदालत परिसर में 75 वर्षीय एक व्यक्ति ने अलग रह रही अपनी पत्नी पर कथित तौर पर तेजाब जैसा तरल पदार्थ फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। बाद में, आरोपी ने खुद भी जहर खा लिया।
उमरा थाना निरीक्षक जेए राठवा ने बताया कि दंपति भरण-पोषण संबंधी एक मामले के सिलसिले में अदालत आया था। उन्होंने कहा कि आरोपी का अलग रह रही 61 वर्षीय पत्नी के साथ मुकदमों का लंबा इतिहास है।
राठवा ने कहा, “यह घटना पारिवारिक अदालत के कक्ष संख्या छह में हुई। पति-पत्नी 2017 से अलग रह रहे हैं।’’
अधिकारी के अनुसार, तेजाब जैसा तरल पदार्थ फेंकने के बाद उस व्यक्ति ने जहर खा लिया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जबकि महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने कहा, “विगत में, अदालत ने व्यक्ति के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले की सुनवाई की थी। 2023 में, चाकू से महिला पर हमला करने के बाद उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। वह मामला अब भी लंबित है।”
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश