बंगाल के नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा निकाली
बंगाल के नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा निकाली
कोलकाता, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में रामनवमी की शोभायात्रा निकाली।
इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में इस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समर्थित गुंडों द्वारा ऐसी रैलियों पर हमले किए जाते थे।
शोभायात्रा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अधिकारी और शोभायात्रा में शामिल अन्य लोगों को पानी, मिठाई और फल भेंट करते हुए देखे गए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अधिकारी ने कहा कि रामनवमी रैली का स्वागत करने वाले ‘‘राष्ट्रवादी मुसलमानों’’ और सत्तारूढ़ ‘‘टीएमसी से जुड़े कट्टरपंथियों’’ के बीच अंतर स्पष्ट है।
नंदीग्राम से दोबारा चुनाव लड़ रहे अधिकारी ने दावा किया कि आठ साल के अंतराल के बाद इस क्षेत्र में ऐसी रैली का आयोजन किया गया, क्योंकि ‘‘रामनवमी समारोह के दौरान पूर्व में निकाली गईं शोभायात्राओं पर टीएमसी समर्थित गुंडों ने हमला किया था।’’
इस अवसर पर भाजपा विधायक ने राज्य में रोजगार, किसानों की समृद्धि, विकास और शांति के लिए प्रार्थना की।
बृहस्पतिवार को अधिकारी ने भवानीपुर में रामनवमी की शोभायात्रा का नेतृत्व किया था, जहां वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले, शुक्रवार को कई भाजपा उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रामनवमी शोभायात्रा निकाली, जिनमें बीरभूम का सैंथिया, झारग्राम का गोपीबल्लभपुर और बालुरघाट तथा बहरामपुर शामिल हैं।
राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


