तमिलनाडु चुनाव : भाजपा ने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की
तमिलनाडु चुनाव : भाजपा ने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को अवनाशी सीट से और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन को मयलापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को कोयंबटूर (उत्तर) सीट से मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा,भाजपा ने मोदक्कुरिची से कीर्तिका शिवकुमार, विलावंकोड से एस विजयधरानी और थल्ली सीट से नागेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी पीयूष गोयल ने उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और एडप्पाडी के पलानीस्वामी जी के नेतृत्व वाले मजबूत राजग गठबंधन के समर्थन से, प्रत्येक उम्मीदवार तमिलनाडु की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जो भ्रष्टाचार, उदासीनता और टूटे वादों से तंग आ चुकी है।’’
गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ एकजुट राजग(राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को द्रमुक के वर्षों के कुशासन को समाप्त करने और एक नए युग की शुरुआत करने का पूरा भरोसा है, जहां तमिलनाडु बुनियादी ढांचे, रोजगार और सभी के कल्याण के साथ समृद्ध होगा।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि राज्य के लोग सुशासन के वादे को व्यवहार में अनुभव कर सकें।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


