तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने करुणानिधि के नाम के साथ सम्मानसूचक शब्द नहीं बोले जाने पर माफी मांगी
तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने करुणानिधि के नाम के साथ सम्मानसूचक शब्द नहीं बोले जाने पर माफी मांगी
चेन्नई, 17 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में एक मंत्री द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एम. करुणानिधि का नाम सम्मानसूचक शब्दों के बिना लेने पर तुरंत माफी मांगी।
सदन में वन मंत्री आर वी रंजीत कुमार ने द्रमुक के दिवंगत नेता करुणानिधि का नाम ‘कलैग्नर’ (विद्वान) शब्द के बिना लिया, जिस पर विपक्षी द्रमुक ने तुरंत विरोध जताया। विधानसभा में करुणानिधि का जिक्र करते समय ‘कलैग्नर’ शब्द लगाने की परंपरा है।
मुख्यमंत्री ने सदन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए विपक्ष के विरोध के बीच हस्तक्षेप किया। उन्होंने स्वीकार कि दिवंगत नेता का नाम इस तरह लेना गलत है। उन्होंने अपने मंत्री की ओर से माफी मांगी।
विजय ने कहा, “मैं उनकी ओर से माफी मांगता हूं।” स्वास्थ्य और राजस्व विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान रंजीत कुमार ने पिछले चुनावों में वोट के बदले पैसे देने की रणनीति की आलोचना की।
उन्होंने विवादित “तिरुमंगलम फॉर्मूले” का जिक्र किया और दावा किया कि पिछले चुनावों में उनके कांचीपुरम विधानसभा क्षेत्र में प्रति वोट 1,500 रुपये तक बांटे गए थे।
विवाद उस समय शुरू हुआ जब वन मंत्री ने कहा कि टीवीके वोट के लिए पैसे बांटे बिना सत्ता में आई है जबकि पिछली सरकार पैसे के दम पर बनी थी। हालांकि, चुनावी रणनीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने करुणानिधि का नाम सीधे केवल “करुणानिधि” के रूप में लिया और ‘कलैग्नर’ या ‘पूर्व मुख्यमंत्री’ जैसे परंपरागत सम्मानसूचक शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


