तमिलनाडु: टीवीके का दामन थामने वाले अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की
तमिलनाडु: टीवीके का दामन थामने वाले अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की
चेन्नई, नौ जुलाई (भाषा) विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) का दामन थामने वाले अन्नाद्रमुक के तीन पूर्व विधायकों ने बृहस्पतिवार को यहां तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर से मुलाकात की और अपना पक्ष रखा।
मरागथम कुमारवेल (मदुरंतकम विधानसभा क्षेत्र), एस. सत्यभामा (धारापुरम) और एस. जयकुमार (पेरुंदुरई) उन 25 बागी विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने 13 मई को सदन में शक्ति परीक्षण के दौरान टीवीके सरकार के पक्ष में वोट दिया था।
दिलचस्प बात यह है कि अध्यक्ष को अपने हाथ से लिखे इस्तीफ़े सौंपने के बाद वे सचिवालय में टीवीके नेता और मंत्री आधव अर्जुन से मिले। इसकी विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की और टीवीके पर आरोप लगाया कि उसने सचिवालय को राजनीतिक पार्टी के कार्यालय में बदल दिया है।
ये तीनों दल-बदल रोधी कानून के तहत अयोग्य ठहराने की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने अध्यक्ष से अलग-अलग मुलाक़ात की और अपना पक्ष रखा।
अंबासमुद्रम सीट से इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली टीवीके में शामिल हुए अन्नाद्रमुक के एक और पूर्व विधायक एसाकी सुबैया पहले ही प्रभाकर से मिल चुके हैं और उन्हें अपनी स्थिति के बारे में बता चुके हैं।
अध्यक्ष ने पूर्व विधायकों से व्यक्तिगत रूप से पेश होने और औपचारिक स्पष्टीकरण देने को कहा था।
अन्नाद्रमुक नेतृत्व ने पार्टी के भीतर मतभेदों और संभावित कानूनी चुनौतियों का हवाला देते हुए अध्यक्ष से औपचारिक रूप से अनुरोध किया था कि वे संबंधित विधायकों के इस्तीफे स्वीकार न करें।
भाषा
नेत्रपाल सुरेश
सुरेश

Facebook


