तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

Ads

तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

  •  
  • Publish Date - June 20, 2025 / 06:47 PM IST,
    Updated On - June 20, 2025 / 06:47 PM IST

चेन्नई, 20 जून (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और अन्य नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

मुर्मू 67 वर्ष की हो गई हैं।

तमिलनाडु के लोगों की ओर से मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति सादगी, विनम्रता और अपार ज्ञान की प्रतिमूर्ति हैं। उनकी जीवन यात्रा उम्मीद की किरण है और यह सभी को प्रेरित करती रहेगी।

रवि ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सार्वजनिक सेवा में उनका नेतृत्व तथा सामाजिक न्याय और महिलाओं, हाशिए पर मौजूद समुदायों एवं वंचितों के उत्थान के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता राष्ट्र की समावेशी व न्यायसंगत प्रगति में एक मार्गदर्शक शक्ति के रूप में काम करती है। हम उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।’’

मुख्यमंत्री स्टालिन ने भी राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दीं और कहा, ‘‘राष्ट्र की सेवा में आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।’’

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने एक पोस्ट में राष्ट्रपति को देश में महिला सशक्तीकरण का एक उज्ज्वल प्रतीक बताया।

भाजपा के प्रदेश प्रमुख नयनार नागेंथिरन ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश