तमिलनाडु: राज्यपाल ने शपथ के दौरान नेताओं के नाम लेने पर कांग्रेस सदस्य को टोका
तमिलनाडु: राज्यपाल ने शपथ के दौरान नेताओं के नाम लेने पर कांग्रेस सदस्य को टोका
चेन्नई, 21 मई (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बृहस्पतिवार को मंत्री पद की शपथ ले रहे कांग्रेस नेता एस राजेश कुमार को टोकते हुए उन्हें लिखित शपथ ही पढ़ने को कहा।
कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कुमार किल्लियूर से विधायक हैं और वह आज शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों में शामिल रहे।
यहां लोक भवन में राज्य के मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के दौरान जब कुमार लिखित शपथ पढ़ रहे थे, तभी अचानक वह कांग्रेस नेताओं कामराज, राजीव गांधी और राहुल गांधी की प्रशंसा में नारे लगाने लगे।
इसके बाद राज्यपाल ने टोकते हुए कुमार से कहा, ‘यह आपकी शपथ का हिस्सा नहीं है।’
कुमार के शपथ लेने के कुछ ही मिनट बाद सलेम दक्षिण से टीवीके विधायक ए विजय तमिलन पार्थिबन ने मंत्री पद की शपथ लेने के बाद मंच पर उपस्थित पार्टी नेता और मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय की प्रशंसा करते हुए नारे लगाए।
श्रीपेरंबुदूर से टीवीके सदस्य थेन्नारासु ने भी मंत्री के रूप में अपनी शपथ लेते हुए कहा कि वह पार्टी और उसके नेता के प्रति निष्ठावान रहेंगे।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


