तमिलनाडु सरकार पोंगल 2027 पर राशन कार्डधारकों को नए डिजाइन की धोती-साड़ी देगी

तमिलनाडु सरकार पोंगल 2027 पर राशन कार्डधारकों को नए डिजाइन की धोती-साड़ी देगी

तमिलनाडु सरकार पोंगल 2027 पर राशन कार्डधारकों को नए डिजाइन की धोती-साड़ी देगी
Modified Date: July 9, 2026 / 11:54 am IST
Published Date: July 9, 2026 11:54 am IST

चेन्नई, नौ जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के करीब 2.23 करोड़ राशन कार्डधारकों को जनवरी 2027 में पोंगल पर्व पर उपहार के रूप में बेहतर गुणवत्ता और नए डिजाइन की धोती तथा साड़ी दी जा सकती हैं। राज्य सरकार इन परिधानों को अधिक आरामदायक और आकर्षक बनाने के लिए इनके डिजाइन में बड़ा बदलाव करने जा रही है।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि नयी धोतियों और साड़ियों में सुनहरे रंग की आधुनिक पॉलिएस्टर जरी का बॉर्डर होगा। साड़ियों को मौजूदा नीले-सफेद तथा पारंपरिक नीले, गुलाबी और ‘आइवरी व्हाइट’ रंगों के अलावा आकर्षक हरे और अन्य चमकीले रंगों में भी तैयार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि साड़ियां बनाने में अब बेहतर गुणवत्ता वाले मिश्रित धागे का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें पॉलिएस्टर और कपास का अनुपात बढ़ाया गया है। इससे कपड़ा अधिक मुलायम होगा और गर्मियों में पहनने के लिए अधिक आरामदायक रहेगा।

तमिलनाडु सरकार पोंगल उपहार पैकेज के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से चावल श्रेणी के राशन कार्डधारकों को नि:शुल्क एक-एक धोती और साड़ी वितरित करती है। इसके अलावा उन्हें चावल, गन्ना, काजू, गुड़ और नकदी भी दी जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी पोंगल का त्योहार उत्साह के साथ मना सकें।

राज्य सरकार ने खरीद प्रक्रिया शुरू करने के लिए पहली किस्त के रूप में 300 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस योजना पर कुल 642.88 करोड़ रुपये खर्च आएगा जिसके तहत 2.27 करोड़ धोती और साड़ियां तैयार कराई जाएंगी। इनका नि:शुल्क वितरण न केवल राशन कार्डधारकों, बल्कि वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले वरिष्ठ नागरिकों और समाज कल्याण विभाग के अन्य लाभार्थियों को भी किया जाएगा।

भाषा तान्या खारी

खारी


लेखक के बारे में