तमिलनाडु: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मारा गया

तमिलनाडु: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मारा गया

तमिलनाडु: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मारा गया
Modified Date: March 16, 2026 / 11:17 am IST
Published Date: March 16, 2026 11:17 am IST

चेन्नई, 16 मार्च (भाषा) चेन्नई के माधवराम इलाके में सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह कुख्यात अपराधी कथित तौर पर हत्या के पांच मामलों सहित 30 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल था।

मृतक की पहचान थोप्पई गणेशन के रूप में हुई है जो हाल ही में हुई 25 लाख रुपये की एक बड़ी डकैती मामले में मुख्य संदिग्ध था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब 5:45 बजे माधवराम के चिन्ना गोलचक्कर के पास हुई। लूटपाट मामले की जांच कर रही एक विशेष टीम गणेशन की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पुलिस टीम ने उसे गोलचक्कर के पास घेर लिया, लेकिन संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगा। एक अधिकारी ने गणेशन को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उसने भागने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हथियार से हमला कर दिया।’’

पुलिस ने कथित तौर पर चेतावनी के तौर पर हवा में गोलियां चलाईं, लेकिन गणेशन ने हमला जारी रखा, जिसके बाद टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए गणेशन को तुरंत पुझल के पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।

गणेशन का कई वर्षों का आपराधिक इतिहास है।

भाषा यासिर शोभना

शोभना


लेखक के बारे में