तमिलनाडु पुलिस ने यूट्यूबर के घर हुई एक करोड़ रुपये की चोरी के मुख्य संदिग्ध को पकड़ा
तमिलनाडु पुलिस ने यूट्यूबर के घर हुई एक करोड़ रुपये की चोरी के मुख्य संदिग्ध को पकड़ा
नागरकोइल (तमिलनाडु), 29 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के नागरकोइल में थम्मथुकोणम के पास एक यूट्यूबर के घर हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में मुख्य संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और चोरी का काफी सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक अंशुल नागर ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि घटना के बाद जांच दलों ने आरोपी को पकड़ लिया और चोरी का सामान बरामद किया।
उन्होंने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात हुई जब यूट्यूबर मधुमिता, उनके पति और बच्चा खरीदारी के लिए बाहर गए थे।
पुलिस के अनुसार, उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
पुलिस ने बताया कि चोरों ने अलमारी तोड़कर करीब 944 ग्राम सोना, हीरे के आभूषण और नकदी चुरा ली, जिनकी कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
अंशुल ने बताया कि मामले की जांच के लिए तत्काल पांच विशेष टीम गठित की गई थीं।
उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच, घटनास्थल का फोरेंसिक विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर लोगों की गतिविधियों का पता लगाने के बाद पुलिस मुख्य संदिग्ध की पहचान करने और उसे पकड़ने में सफल रही।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता सोशल मीडिया पर नियमित रूप से रील और वीडियो डालती थीं, जिनमें नकदी के बंडल, हर महीने खरीदा गया सोना और परिवार की यात्राओं तथा बाहर जाने की लाइव जानकारी साझा की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि चोरी हुए बाकी सामान का पता लगाने और उसे बरामद करने के लिए संदिग्ध से पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात की साजिश रचने या उसे अंजाम देने में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी या नहीं।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


