बोनालू: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने सिकंदराबाद के उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की
बोनालू: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने सिकंदराबाद के उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की
हैदराबाद, दो अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने रविवार को बोनालू पर्व के अवसर पर यहां स्थित श्री उज्जैनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की।
बोनालू तेलंगाना में एक महीने तक मनाया जाने वाला लोकपर्व है।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री पोन्नम प्रभाकर, कोंडा सुरेखा और दानासरी अनसुया (सीतक्का) सहित पार्टी के कई नेता भी मंदिर पहुंचे।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी सिकंदराबाद स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सिकंदराबाद उज्जैनी महाकाली बोनालू महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
किशन रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘थोट्टेला और घाटा शोभायात्राओं के साथ इस पवित्र पर्व की समृद्ध परंपराएं जीवंत हो रही हैं। मां महाकाली का आशीर्वाद तेलंगाना के सभी लोगों पर बना रहे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह शुभ अवसर आस्था और भक्ति की भावना को और मजबूत करे तथा शक्ति स्वरूपा मां महाकाली सभी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दें। सभी को बोनालू की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
सिकंदराबाद के महाकाली मंदिर में वार्षिक बोनालू महोत्सव की शुरुआत भव्य रूप से हुई, जहां देवी के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
भाषा
राखी शफीक
शफीक

Facebook


