एनटीपीसी के साथ पीपीए पर हस्ताक्षर करे तेलंगाना सरकार : किशन रेड्डी

एनटीपीसी के साथ पीपीए पर हस्ताक्षर करे तेलंगाना सरकार : किशन रेड्डी

एनटीपीसी के साथ पीपीए पर हस्ताक्षर करे तेलंगाना सरकार : किशन रेड्डी
Modified Date: March 9, 2026 / 03:19 pm IST
Published Date: March 9, 2026 3:19 pm IST

हैदराबाद, नौ मार्च (भाषा) कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से राज्य की बिजली आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पेद्दापल्ली जिले के रामागुंडम स्थित एनटीपीसी के बिजली संयंत्र के साथ बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर के वास्ते कदम उठाने का आग्रह किया।

रेवंत रेड्डी को लिखे एक खुले पत्र में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) न्यूनतम कीमत पर बिजली पैदा करके प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति को तैयार है।

मंत्री ने कहा कि अन्य दक्षिणी राज्य एनटीपीसी के साथ पीपीए पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की यह विद्युत कंपनी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर प्रतिस्पर्धी लागत पर ताप विद्युत का उत्पादन कर रही है।

तेलंगाना की विद्युत आवश्यकताओं के बारे में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि तीन मार्च को राज्य में 18,139 मेगावाट बिजली की अभूतपूर्व मांग दर्ज की गई।

उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के अतीत के उस बयान को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2047 तक तेलंगाना को एक लाख मेगावाट बिजली की आवश्यकता होगी।

भाषा रंजन सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में