तेलंगाना नगर निगम चुनाव: करीमनगर में भाजपा ने महापौर, उप महापौर के पदों पर जीत हासिल की

तेलंगाना नगर निगम चुनाव: करीमनगर में भाजपा ने महापौर, उप महापौर के पदों पर जीत हासिल की

तेलंगाना नगर निगम चुनाव: करीमनगर में भाजपा ने महापौर, उप महापौर के पदों पर जीत हासिल की
Modified Date: February 16, 2026 / 03:49 pm IST
Published Date: February 16, 2026 3:49 pm IST

हैदराबाद, 16 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों कोलागनी श्रीनिवास और वाई सुनील राव सोमवार को करीमनगर नगर निगम में क्रमशः महापौर और उप महापौर चुने गये।

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने कहा कि करीमनगर नगर निगम में महापौर और उप महापौर पदों के लिए उसके उम्मीदवार चुने गए हैं।

राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करीमनगर नगर निगम में भाजपा के सत्ता में आने के साथ, हम शहर को विकसित तेलंगाना – विकसित भारत की ओर बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

करीमनगर के कुल 66 वार्ड में से, भाजपा नगर निगम चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जिसने 30 वार्ड जीते जबकि कांग्रेस, बीआरएस, एआईएमआईएम, एआईएफबी (ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक) और निर्दलीय उम्मीदवारों ने क्रमशः 14, 9, 3, 3 और 7 वार्ड जीते।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार करीमनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।

कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करीमनगर में इतिहास रचा गया। शहर में पहली बार भाजपा के महापौर ने शपथ ली। श्री कोलागनी श्रीनिवास को करीमनगर के पहले भाजपा महापौर बनने पर और श्री वाई सुनील राव को उप महापौर बनने पर हार्दिक बधाई।’’

उन्होंने कहा कि आज का दिन सिर्फ एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि एक भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है जैसे यह एक ऐसा सपना है जिसे हममें से कई लोगों ने वर्षों तक संजोकर रखा था। मैं उन मतदाताओं के समक्ष अपना सिर झुकाता हूं जिन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दृष्टिकोण पर भरोसा जताया और विकास के रास्ते को चुना।’’

उन्होंने कहा कि यह जीत उन सभी कार्यकर्ताओं की है जिन्होंने इस संघर्ष में अपना पसीना बहाया और पूरी ताकत लगाई।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस वार्ड में मजलिस (एआईएमआईएम) पार्टी का कार्यालय स्थित है, उसी वार्ड में हमारे कार्यकर्ताओं ने भगवा झंडा फहराया…।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘तमाम साजिशों और हमारे मनोबल को तोड़ने के हर प्रयास के बावजूद, भाजपा दृढ़ रही। हम पीछे नहीं हटे। हमने कोई समझौता नहीं किया। हमने कहा था कि हम जीतेंगे। हमने जीत हासिल की।’’

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में