तेलंगाना के छात्र ने एनआईटी कुरुक्षेत्र के छात्रावास में आत्महत्या की

तेलंगाना के छात्र ने एनआईटी कुरुक्षेत्र के छात्रावास में आत्महत्या की

तेलंगाना के छात्र ने एनआईटी कुरुक्षेत्र के छात्रावास में आत्महत्या की
Modified Date: February 17, 2026 / 09:29 am IST
Published Date: February 17, 2026 9:29 am IST

कुरुक्षेत्र, 17 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के 19 वर्षीय एक छात्र ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने यहां बताया कि छात्र की पहचान अंगोद शिव के रूप में की गई है। उसने बताया कि छात्र का शव छात्रावास में उसके कमरे में सोमवार को पंखे से लटका मिला।

उसने बताया कि शिव तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के महेश्वरी गांव का निवासी था और संस्थान में कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी (सीएसई) पाठ्यक्रम के पहले सेमेस्टर का छात्र था। वह परिसर में छात्रावास के एक कमरे में रह रहा था।

पुलिस ने कहा कि मौके से कोई ‘सुसाइड नोट’ नहीं मिला है।

अधिकारियों ने बताया कि जब यह घटना हुई, उस समय शिव अपने कमरे में अकेला था और उसके साथ कमरे में रहने वाले दो अन्य छात्र भोजन करने गए थे। ये दोनों छात्र हरियाणा के ही रहने वाले हैं।

अधिकारियों ने कहा कि शिव सुबह लगभग 10 बजे कक्षा में उपस्थित हुआ था और उसके बाद वह अपने कमरे में लौट आया तथा उसके साथ कमरे में रहने वाले छात्र भोजन करने चले गए।

उन्होंने बताया कि जब शिव भोजन करने के लिए भोजनालय (मेस) नहीं आया तो उसके साथ कमरे में रहने वाला एक छात्र उसे बुलाने गया लेकिन कमरा अंदर से बंद था।

अधिकारियों ने बताया कि दरवाजा बार-बार खटखटाने के बावजूद शिव ने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उसका सहपाठी इमारत के पीछे की ओर गया और उसने खिड़की से झांककर कमरे में देखा, जहां उसने कथित रूप से शिव को छत के पंखे से लटका देखा।

उन्होंने बताया कि मामले की सूचना तुरंत एनआईटी प्रशासन को दी गई, जिसने पुलिस को जानकारी दी।

थानेसर थाने के अंतर्गत एक पुलिस चौकी के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) के शवगृह में भेजा गया है।

पुलिस ने शिव के परिजन को घटना की सूचना दे दी है।

कुमार ने बताया कि आगे की कार्रवाई परिजन के बयान के आधार पर की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ के दौरान शिव के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि वह फोन पर अक्सर मातृभाषा में बात करता था जो उन्हें समझ नहीं आती थी। हालांकि, वह उनसे हिंदी में बातचीत करता था।

पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में