नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, होली (बुधवार) के दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 16.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
अगर बुधवार को तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो यह साल का सबसे गर्म दिन होगा।
मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें सतह पर हवा की गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो दिन के दौरान कभी-कभी 35 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक), पालम में 29.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक), लोधी रोड में 31.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक), रिज में 31.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) और आयानगर में 31.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक) दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 15.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक), पालम में 13.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक), लोधी रोड में 14.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक), रिज में 17.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक) और आयानगर में 15.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक) रहा।
सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 74 प्रतिशत और शाम के समय 33 प्रतिशत दर्ज की गई।
मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया था।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, होली के दिन और छह मार्च तक एक्यूआई के ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष
सुभाष