टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भाजपा में शामिल, इसे ‘जिम्मेदारी’ बताया
टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भाजपा में शामिल, इसे ‘जिम्मेदारी’ बताया
नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को यहां भाजपा में शामिल हुए टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने कहा कि यह ‘‘महज औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है’’ और राष्ट्र की सेवा करने का एक बड़ा अवसर भी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में उनका स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने उम्मीद जताई कि पार्टी की ओर से पेस अब ‘‘अब राजनीति में बड़ी पारी खेलेंगे।’’
पेस (52) रीजीजू और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।
टेनिस खिलाड़ी ने हाल में कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं।
हालांकि, पेस का राजनीति में यह पहला पदार्पण नहीं है। वह 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे और 2022 में गोवा चुनावों के दौरान पार्टी के लिए प्रचार किया था। उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था।
रीजीजू ने कहा कि यह ‘‘गर्व का क्षण’’ है कि खेल जगत के ऐसे ‘‘दिग्गज खिलाड़ी और प्रतिष्ठित हस्ती’’ राष्ट्र की सेवा के व्यापक उद्देश्य से पार्टी में शामिल हुए हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आज लिएंडर पेस का भारतीय जनता पार्टी परिवार में शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में खेल क्षेत्र में जो काम किया है, उससे प्रेरित और प्रभावित होकर वह (पेस) औपचारिक रूप से पार्टी के सदस्य के तौर पर हमारे साथ जुड़ गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई खुशी का क्षण है। मुझे विश्वास है कि अब वह भाजपा की ओर से राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगे। अपने अनुभव, ज्ञान और प्रतिबद्धता से वह भारत में खेल को और गति देंगे और देश की सेवा करेंगे।’’
वहीं, पेस ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा में शामिल होने का उनका निर्णय खेल, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाकर देश की सेवा करने की प्रतिबद्धता से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होना ‘‘महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी’’ है, और यह राष्ट्र, विशेषकर युवाओं की सेवा करने का ‘‘एक बड़ा अवसर’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘खेल, खेल शिक्षा, युवा और देश की सेवा के क्षेत्र में यह अवसर मेरे लिए बहुत बड़ा है… आज भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है। हमारे पास 26 वर्ष से कम आयु के 74.5 करोड़ युवा हैं।’’
पेस ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेल के प्रति जुनून और उनकी नेतृत्व शैली से प्रेरित हैं, जिसने उन्हें पार्टी में शामिल होने और देश की सेवा जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने भाजपा का अपना सदस्यता पत्र दिखाते हुए कहा, ‘‘यह अवसर देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। यह सिर्फ एक कागज या सदस्यता नहीं है – यह एक जिम्मेदारी है।’’
पेस ने कहा, ‘‘मैं दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों में से एक में शामिल हो गया हूं। मैं अनुभवी नेताओं से सीखना चाहता हूं और भारत के हर बच्चे को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना चाहता हूं – चाहे वह बंगाल, गोवा, तमिलनाडु, पंजाब या पूर्वोत्तर में हो।’’
पेस ने भारत की (तोक्यो) ओलंपिक, 2020 तैयारियों को मजबूत करने में रीजीजू की भूमिका की भी सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘…मुझे उम्मीद है कि जब भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा, तो हम 20 या उससे अधिक पदक जीतने का लक्ष्य रख सकेंगे।’’
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


