आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाया गया
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाया गया
नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्र सरकार ने आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाकर 28 जून 2027 तक कर दिया है। इस पद पर यह उनका पांचवां सेवा-विस्तार है।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति (एसीसी) ने आयुष मंत्रालय के सचिव कोटेचा के कार्यकाल को 28 जून 2026 के बाद एक वर्ष के लिए बढ़ाकर 28 जून 2027 तक करने की मंजूरी दे दी है।
जयपुर के चक्रपाणि आयुर्वेद क्लिनिक में मुख्य सलाहकार रह चुके कोटेचा इस सेवा में ‘लेटरल एंट्री’ (बाहरी विशेषज्ञ के तौर पर) के जरिए आए थे। उन्हें पहली बार जून 2017 में आयुष मंत्रालय में विशेष सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें सचिव पद पर नियुक्त किया गया।
कोटेचा को वर्ष 2020 और 2022 में दो-दो वर्ष का सेवा-विस्तार दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2024 और 2025 में उनके कार्यकाल को एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया। उनका वर्तमान कार्यकाल 28 जून को समाप्त होने वाला था।
आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी (आयुष) के क्षेत्र में शिक्षा और अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने के साथ चिकित्सा की प्राचीन पद्धतियों को पुनर्जीवित करने के लिए 9 नवंबर, 2014 को आयुष मंत्रालय का गठन किया गया था।
इससे पहले, वर्ष 1995 में गठित भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं होम्योपैथी विभाग (आईएसएम एंड एच) इन चिकित्सा प्रणालियों के विकास के लिए जिम्मेदार था।
भाषा रविकांत दिलीप
दिलीप

Facebook


