भाजपा असम में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर शुक्रवार को चर्चा जारी रखेगी
भाजपा असम में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर शुक्रवार को चर्चा जारी रखेगी
गुवाहाटी, 10 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई 2026 के विधानसभा चुनावों की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आज यानी शुक्रवार को चर्चा जारी रखेगी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी।
शर्मा ने बताया कि पार्टी की राज्य इकाई की विस्तारित कार्यकारी समिति ने बृहस्पतिवार को डिब्रूगढ़ में एक बैठक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।
शर्मा ने कहा कि बैठक ‘‘काफी रचनात्मक रही और हमने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति लगभग तय कर ली है।’’
कोर कमेटी और पदाधिकारियों, दोनों की बैठक बृहस्पतिवार को हुई।
शर्मा ने कहा, ‘‘शुक्रवार को भी चर्चा जारी रहेगी और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया दो दिवसीय बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर मीडिया को संबोधित करेंगे।’’
बृहस्पतिवार को हुई बैठक के दौरान शर्मा और सैकिया दोनों ने पार्टी के भावी खाके की गहन समीक्षा की और विभिन्न संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की।
शर्मा और सैकिया के अलावा बृहस्पतिवार को बैठक में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पबित्रा मार्गेरिटा, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, राज्य प्रभारी हरीश द्विवेदी और प्रदेश महासचिव (संगठन) रवींद्र राजू भी शामिल हुए।
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव

Facebook


