जयपुर में एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला

जयपुर में एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला

जयपुर में एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला
Modified Date: June 24, 2026 / 10:40 pm IST
Published Date: June 24, 2026 10:40 pm IST

जयपुर, 24 जून (भाषा) जयपुर के नारायण विहार थाना इलाके में एक होटल के कमरे में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान वैशाली नगर के नित्यानंद नगर के निवासी गुरु प्रसाद चौधरी (38) के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक के बड़े भाई गुरु चरण ने उसके दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस के अनुसार भाई ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चौधरी दोस्तों से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, इसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल बंद हो गया।

उन्होंने कहा कि पहले भी वह बिना बताए दो-तीन दिन तक दोस्तों के साथ चला जाता था, इसलिए परिवार ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

गुरुचरण ने बताया मंगलवार और बुधवार की देर रात करीब तीन बजे पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि चौधरी होटल के कमरे में बेसुध अवस्था में पड़ा है।

उन्होंने कहा कि परिजन होटल पहुंचे तो उसका शव मिला, जिसपर चोट के निशान थे।

गुरुचरण ने कहा कि बिस्तर पर खून के धब्बे भी दिखाई दिए।

पुलिस ने जयपुरिया अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के हवाले कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में