भाकपा सांसद ने मोदी को पत्र लिखकर राम मंदिर ट्रस्ट को मिले दान के ऑडिट की मांग की
भाकपा सांसद ने मोदी को पत्र लिखकर राम मंदिर ट्रस्ट को मिले दान के ऑडिट की मांग की
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सदस्य पी. संदोष कुमार ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिले दान की नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से जांच कराने के साथ ही कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच कराई जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भगवान राम को एक राजनीतिक परियोजना में बदल दिया तथा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात किया है।
कुमार ने कहा कि ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की खबरों ने सबकुछ सामने ला दिया है और कई श्रद्धालुओं ने यहां तक शिकायत की है कि मंदिर में चढ़ाए गए सोने के आभूषण, चांदी की ईंटें तथा अन्य कीमती वस्तुओं का कोई हिसाब नहीं है।
भाकपा नेता ने खबरों का हवाला देते हुए कहा कि एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं और नकदी एवं कीमती चढ़ावे की गिनती से जुड़े कम से कम आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन आधिकारिक जांच के निष्कर्ष अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
कुमार ने पत्र में कहा, ‘‘यदि इन खुलासों ने देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है तो इसका कारण यह है कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का आरोप नहीं है। यह उन करोड़ों श्रद्धालुओं के साथ विश्वासघात है, जिन्होंने आस्था के साथ अपना चढ़ावा अर्पित किया था।’’
उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप का आग्रह किया और कहा कि ट्रस्ट की स्थापना से अब तक उसे प्राप्त सभी दान की कैग से जांच कराई जाए तथा उसकी रिपोर्ट देश के समक्ष रखी जाए।
भाकपा नेता ने कहा कि मंदिर, उसके निर्माण और श्रद्धालुओं के चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़ी सभी कथित आपराधिक गतिविधियों की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाए, उसे उसके पद या संबद्धता की परवाह किए बिना न्याय की जद में लाया जाना चाहिए।
भाषा हक हक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


