बैंक में जमा राशि नहीं मिलने पर केरल के व्यापारी की आत्महत्या मामले की जांच अपराध शाखा करेगी

बैंक में जमा राशि नहीं मिलने पर केरल के व्यापारी की आत्महत्या मामले की जांच अपराध शाखा करेगी

बैंक में जमा राशि नहीं मिलने पर केरल के व्यापारी की आत्महत्या मामले की जांच अपराध शाखा करेगी
Modified Date: July 4, 2026 / 09:55 am IST
Published Date: July 4, 2026 9:55 am IST

इडुक्की (केरल), चार जुलाई (भाषा) केरल में इडुक्की जिले के कट्टाप्पना में एक सहकारी बैंक द्वारा कथित तौर पर एक कारोबारी की जमा राशि लौटाने से इनकार करने के बाद उसके आत्महत्या करने के मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गृह विभाग ने साबू (56) की मौत मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपने का फैसला हाल ही में किया है। साबू दिसंबर 2024 में माकपा के नियंत्रण वाले ‘रूरल डेवलपमेंट कोऑपरेटिव सोसाइटी बैंक’ के बाहर फंदे से लटके पाए गए थे।

साबू की उपहार में दिए जाने वाले सामान और अन्य सामान की कट्टाप्पना में एक दुकान थी और उन्होंने अपनी बचत बैंक में जमा की थी।

उनके परिवार के अनुसार, जब वे अपनी पत्नी के इलाज के लिए पैसे निकालने बैंक गए, तो उनकी मांग ठुकरा दी गई।

आरोप है कि उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था जिसमें बैंक के तीन कर्मचारियों पर उन्हें उनके पैसे न देने का आरोप लगाया गया था।

उनकी मौत ने माकपा को मुश्किल स्थिति में डाल दिया, क्योंकि पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पार्टी के एक स्थानीय नेता ने साबू के साथ बदसलूकी की थी और उन्हें धमकाया था।

इसके बाद एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया और इस मामले में बैंक के तीन अधिकारियों को आरोपी बनाया गया।

हालांकि, सरकार बदलने के बाद साबू के परिवार ने हाल ही में राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला से संपर्क किया और आरोप लगाया कि जांच सही दिशा में नहीं बढ़ रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गृह विभाग ने अब इडुक्की में अपराध शाखा की इकाई को निर्देश दिया है कि वह फिर से प्राथमिकी दर्ज करके जांच अपने हाथ में ले।

अधिकारियों ने कहा कि जांच सौंपने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी और उम्मीद है कि मामला औपचारिक रूप से अपने हाथ में लेने के बाद अपराध शाखा अदालत में रिपोर्ट दाखिल करेगी।

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में