मौजूदा शिक्षा व्यवस्था गरीबों के लिए नहीं है, इसमें तत्काल सुधार की जरूरत : डोटासरा
मौजूदा शिक्षा व्यवस्था गरीबों के लिए नहीं है, इसमें तत्काल सुधार की जरूरत : डोटासरा
जयपुर, 19 जून (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को केंद्र व राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकारों पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता के अहम मुद्दों को हल करने में विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही, पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर भी चिंता जताई।
पार्टी के राज्य मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था ‘‘गरीबों के लिए नहीं है और इसमें तत्काल सुधार की जरूरत है’’।
उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को जिला स्तर पर उठाएगी।
डोटासरा ने कहा, ‘‘देश की शिक्षा व्यवस्था गरीबों के लिए नहीं है; ये छात्रों को मुश्किल में डालती है। इसे बदलने की जरूरत है।’’
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हाल ही में कोटा में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान जताई गई चिंताओं का जिक्र किया।
डोटासरा ने कहा कि देश भर के लोगों और बुद्धिजीवियों से इस व्यवस्था में सुधार के तरीके पर सुझाव मांगे गए हैं ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिविल सेवा जैसे क्षेत्रों में मौके पा सकें।
डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है और संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, मतदान के अधिकार खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं और आयकर विभाग व केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।’’
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने दावा किया कि सरकार स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव कराने में विफल रही है और शहरी गरीबों से जुड़े मुद्दों, जैसे कि आवास और पीने के पानी, की अनदेखी कर रही है।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी ऐसी ही चिंताएं जताईं और आरोप लगाया कि पंचायत और नगर निकायों के चुनाव में देरी ‘‘लोकतंत्र का अपमान’’ है।
जूली ने आरोप लगाया, ‘‘धन बल और ईडी, आयकर विभाग व सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के डर से चुने हुए प्रतिनिधियों को पार्टियां बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरनाक है।’’
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी अगले हफ्ते राज्य के सभी जिलों में अभियान शुरू करेगी जिसमें शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और परीक्षा के पेपर लीक जैसी कथित गड़बड़ियों को उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके तहत राजस्थान की सभी जिला कांग्रेस कमेटी आगामी सात दिन – 20 जून से 27 जून तक – कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संदेश एवं उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रेस वार्ता तथा अन्य कार्यक्रम करेंगी।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक

Facebook


