दिल्ली सरकार अप्रैल में लाडली योजना के स्थान पर ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू करेगी
दिल्ली सरकार अप्रैल में लाडली योजना के स्थान पर 'लखपति बिटिया योजना' शुरू करेगी
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार 2008 की लाडली योजना के स्थान पर अप्रैल में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू करेगी।
यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2008 में शुरू की गई मौजूदा ‘दिल्ली लाडली योजना’ का उन्नत संस्करण होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम एक अप्रैल को उन्नत योजना शुरू करेंगे और पुरानी लाडली योजना को बंद कर देंगे।’
उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए सरकार द्वारा जल्द ही एक अलग डिजिटल पोर्टल विकसित किया जाएगा।
गुप्ता ने कहा कि उन्नत योजना को लागू करने की वित्तीय लागत लगभग 160 करोड़ रुपये होगी और प्रति परिवार दो लड़कियों को वित्तीय सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जब हम सत्ता में आए, तो हमें पता चला कि इस योजना के लिए धनराशि बैंकों में…अप्रयुक्त पड़ी हुई है। हमारी सरकार ने लगभग 41,000 लाभार्थी लड़कियों का पता लगाया है, जिन्हें हम 100 करोड़ रुपये वितरित करने की योजना बना रहे हैं।’
भाषा
नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


