आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन का डिज़ाइन ‘मिल्क सिटी’ की पहचान से प्रेरित है; निर्माण कार्य जारी
आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन का डिज़ाइन 'मिल्क सिटी' की पहचान से प्रेरित है; निर्माण कार्य जारी
अहमदाबाद, 13 मार्च (भाषा) गुजरात के आणंद में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन को शहर की पहचान ‘भारत के दुग्ध शहर’ से प्रेरित होकर डिजाइन किया जा रहा है। स्टेशन के बाहरी और आंतरिक भाग दूध की बूंदों के तरल आकार और रंग को दर्शाएंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आणंद में डेयरी सहकारी संस्था अमूल का मुख्यालय है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के हिस्से के रूप में विकसित किए जा रहे इस स्टेशन की ऊंचाई 25.6 मीटर और कुल निर्मित क्षेत्र 44,073 वर्ग मीटर होगा।
बयान में कहा गया है कि यह तीन मंजिला संरचना होगी, जिसमें दो तरफ प्लेटफार्म और बीच में चार ट्रैक होंगे, और यह आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होगी, जिसमें टिकट काउंटर और प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय, सूचना बूथ, खुदरा केंद्र और एक नर्सरी शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘डिजाइन में छत और बाहरी दीवारों पर रोशनदान की व्यवस्था भी शामिल है ताकि स्टेशन परिसर के अंदर प्राकृतिक रोशनी आ सके। स्टेशन भवन के पास यात्रियों के लिए पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ जोन के साथ-साथ कारों, दोपहिया वाहनों, ऑटो रिक्शा और बसों के लिए पार्किंग सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं। एक पैदल यात्री प्लाजा भी विकसित किया जाएगा।’
कनेक्टिविटी की दृष्टि से, उत्तर्संडा रेलवे स्टेशन सबसे नज़दीकी है, जो पूर्व दिशा में लगभग 600 मीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि नाडियाड जंक्शन लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित है, जो सबसे नज़दीकी प्रमुख रेलवे स्टेशन होगा। सबसे नज़दीकी हवाई अड्डा वडोदरा हवाई अड्डा है, जो 54 किलोमीटर दूर स्थित है, इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 70 किलोमीटर की दूरी पर है।
इसमें कहा गया है, ‘निर्माणाधीन स्टेशन को एक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें यात्रियों की सुगम और त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रकार की कनेक्टिविटी को एकीकृत किया गया है। स्टेशन के तीनों स्तरों पर स्लैब ढलाई का काम पूरा हो चुका है। छत और छत की शीटिंग के लिए संरचनात्मक इस्पात का काम भी पूरा हो गया है, साथ ही बाहरी हिस्से के संरचनात्मक इस्पात का काम भी पूरा हो चुका है।’
लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने का काम पूरा हो चुका है।
इसी बीच, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आणंद स्टेशन का एक वीडियो साझा किया है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप

Facebook


