बच्ची की भावुक अपील का हुआ असर, मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी

बच्ची की भावुक अपील का हुआ असर, मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी

बच्ची की भावुक अपील का हुआ असर, मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी
Modified Date: May 6, 2026 / 10:04 am IST
Published Date: May 6, 2026 10:04 am IST

लखीमपुर खीरी (उप्र), छह मई (भाषा) लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली छह वर्षीय मानवी सिंह की अपने घर के पास जलभराव वाली सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर की गयी भावुक अपील के बाद जिलाधिकारी ने खुद मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान के आदेश दिये।

लखीमपुर शहर के पास सलेमपुर कोन गांव की पहली कक्षा की छात्रा मानवी सिंह ने जिला मजिस्ट्रेट को संबोधित करते हुए एक छोटा-सा वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया।

बच्ची ने अपने संदेश में कहा ‘‘डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं। प्लीज, मेरे घर के पास वाली सड़क को ठीक करवा दीजिए।’’ उसने इसके साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह अपने घर की ओर जाने वाली ईंटों से बनी जलमग्न सड़क पर पानी में से होकर गुजर रही थी।

मानवी की यह मासूमियत भरी अपील न सिर्फ वायरल हुई, बल्कि सीधे लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की नजर में भी आ गई।

जिलाधिकारी जलभराव की समस्या के प्रति बच्ची की संजीदगी से बेहद प्रभावित हुए और उससे खुद मिलकर उसकी शिकायत के बारे में जानने के लिये अधिकारियों की एक टीम के साथ गांव पहुंचे।

जिलाधिकारी ने मानवी से बात की और उसे बिस्किट व मिठाइयां देने के साथ ही उसकी शिकायत का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।

सड़क का मुआयना करने पर जिलाधिकारी को पता चला कि मानवी के घर को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली ईंटों की सड़क पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ और खराब हो चुकी थी, जिसमें नाली और बारिश का पानी जमा हो रहा था।

जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि सिंह ने मौके पर ही सड़क की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए, ताकि मानवी और उसके पड़ोसियों को जलभराव में से होकर न गुजरना पड़े।

इसके अलावा, अपने गहन निरीक्षण के दौरान लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी ने पाया कि यह इलाका अनियोजित विकास की समस्या से जूझ रहा है।

जिलाधिकारी ने निवासियों को अव्यवस्थित ‘प्लॉटिंग’ के संभावित दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया और उन्हें याद दिलाया कि वे आवासीय जमीन खरीदने से पहले जल निकासी, बिजली और सड़क के सही लेआउट की जांच-पड़ताल जरूर करें।

भाषा सं सलीम गोला

गोला


लेखक के बारे में