योजना बनाकर किए कामों का धरातल पर दिखा असर: मुख्यमंत्री शर्मा

योजना बनाकर किए कामों का धरातल पर दिखा असर: मुख्यमंत्री शर्मा

योजना बनाकर किए कामों का धरातल पर दिखा असर: मुख्यमंत्री शर्मा
Modified Date: July 11, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: July 11, 2026 7:39 pm IST

जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने पेयजल और बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्ययोजना बनाकर काम किया जिनका असर धरातल पर दिख रहा है।

वे अजमेर के केकड़ी में लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमारी ‘डबल इंजन’ सरकार धरातल पर काम करके आमजन के जीवन को सुगम बना रही है।

उन्होंने कहा,‘‘हमने प्रारूप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर उल्लेखनीय काम किए जिसका असर धरातल पर दिख रहा है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल में राज्य में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास किया गया है।

साथ ही 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के काम हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पानी राज्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर जोर देते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।

इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसी कई परियोजनाओं पर प्रमुखता से काम करके दिखाया गया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के कामों से राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री शर्मा लगातार काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर सांसद मदन राठौड़, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी,राज्य के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी व देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना मौजूद थे।

आधिकारिक बयान के अनुसार इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 880 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया।

भाषा पृथ्वी

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में