केरल में मुख्यमंत्री के पद की घोषणा के बाद ही आईयूएमएल अपना रुख स्पष्ट करेगी

केरल में मुख्यमंत्री के पद की घोषणा के बाद ही आईयूएमएल अपना रुख स्पष्ट करेगी

केरल में मुख्यमंत्री के पद की घोषणा के बाद ही आईयूएमएल अपना रुख स्पष्ट करेगी
Modified Date: May 13, 2026 / 03:17 pm IST
Published Date: May 13, 2026 3:17 pm IST

मलप्पुरम (केरल), 13 मई (भाषा) केरल में कांग्रेस आलाकमान के जल्द ही मुख्यमंत्री की घोषणा करने के संकेतों के बीच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने बुधवार को कहा कि वह अंतिम निर्णय लिए जाने के बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेगी।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की प्रमुख सहयोगी पार्टी आईयूएमएल ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

यह बैठक यहां पनक्कड़ में आईयूएमएल के प्रमुख सादिक अली शिहाब थंगल के आवास पर हुई।

आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने इस मामले में किसी भी तरह के फैसले लेने के लिए थंगल को अधिकृत किया है।

बैठक के बाद कुन्हालीकुट्टी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम इस संबंध में दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, “बैठक में सभी संबंधित मामलों पर चर्चा हुई और थंगल को आगे के फैसले लेने के लिए अधिकृत किया गया। आलाकमान द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद हम निर्णय लेंगे।”

कुन्हालीकुट्टी ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा में हुई देरी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में ‘‘स्वाभाविक’’ बताया और कहा कि इससे राज्य में कोई प्रशासनिक बाधा उत्पन्न नहीं हुई है।

हालांकि, लीग के वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री पद के चयन में देरी को लेकर कुछ आईयूएमएल नेताओं और विधायकों द्वारा खुले तौर पर व्यक्त की गई नाराजगी से संबंधित सवालों के सीधे जवाब देने से परहेज किया।

बैठक में मौजूद लोगों में आईयूएमएल के राज्य महासचिव पी. एम. ए. सलाम, सांसद एम. पी. अब्दुस्समद समदानी और पी. वी. अब्दुल वहाब के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल थे।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में यूडीएफ को निर्णायक जीत मिलने के बावजूद राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय से जारी अनिश्चितता को समाप्त करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।

मुख्यमंत्री पद के लिए तीन मुख्य दावेदार वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, वी. डी. सतीशन और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल को लेकर नयी दिल्ली में भी विचार विमर्श किया जा रहा है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में