वक्फ बोर्ड जिस जमीन को कब्रिस्तान बोलता था, सपाई वहां से दलितों और गरीबों को उजाड़ देते थे : योगी

वक्फ बोर्ड जिस जमीन को कब्रिस्तान बोलता था, सपाई वहां से दलितों और गरीबों को उजाड़ देते थे : योगी

वक्फ बोर्ड जिस जमीन को कब्रिस्तान बोलता था, सपाई वहां से दलितों और गरीबों को उजाड़ देते थे : योगी
Modified Date: July 10, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: July 10, 2026 3:21 pm IST

बस्ती (उप्र) 10 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा जब वक्फ बोर्ड किसी जमीन को कब्रिस्तान घोषित कर देता था, तब सपा के लोग वहां रहने वाले गरीबों, दलितों और वंचितों को उजाड़ देते थे।

योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्‍ती जिले में 504 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 77 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

योगी ने कहा, ”पहले कब्रिस्तान के नाम पर कब्‍जा होता था, गरीबों को सताया जाता था, वक्‍फ बोर्ड केवल कह देता था कि यह कब्रिस्तान है, यह वक्‍फ की भूमि है तो किसी की हिम्‍मत नहीं होती थी और दलित, गरीब एवं वंचितों को वहां से उजाड़ दिया जाता था। उजाड़ने का काम सपा के यही लोग करते थे।”

उन्‍होंने अन्‍य विपक्षी दलों पर भी हमला बोलते हुये कहा, ”यह सपा, बसपा और कांग्रेस इनका यही ठेका था।”

सपा के शासन के दौरान हुये एक वाकये का जिक्र करते हुये योगी ने कहा, ‘‘मैं गोरखपुर से सांसद था। बस्‍ती के समाजवादी पार्टी के (तत्कालीन) जिलाध्‍यक्ष के घर के पास कब्रिस्‍तान के नाम पर कब्‍जा हो रहा था।’’

योगी ने कहा, ‘‘तब वह एक दिन वह (सपा जिलाध्‍यक्ष गुहार लेकर) मेरे पास आया। मैंने कहा कि तुम्‍हारी सरकार है, तुम कब्‍जा नहीं रोक पा रहे हो। उसने कहा कि लखनऊ में बैठे लोगों को केवल और केवल कब्रिस्‍तान दिखाई देता है। इनको हम जैसे लोग दिखाई देते।”

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कार्यकर्ताओं को भेजकर सपा जिलाध्यक्ष की जमीन को कब्‍जा होने से बचाया। उस वक्त इस तरह की अराजकता थी।”

मुख्‍यमंत्री ने कहा, ‘‘84 कोसी परिक्रमा मखौड़ा धाम से प्रारंभ होती है और देख रहे होंगे कि कितना भव्‍य कार्य हो रहा है। यही तो अंतर है। समाजवादी पार्टी की सरकार 84 कोसी, 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा को रोकती थी और हमारे समय में डबल इंजन की भाजपा सरकार है, यह रोकती नहीं है, यह रोकने वालों को टोकती है।”

उन्‍होंने सरकार को आस्था के सम्मान का श्रेय देते हुए कहा, ”डबल इंजन की सरकार आस्था का सम्मान करते हुए उसके लिए भव्‍य अवस्थापना सुविधाओं का विकास करती है और इसीलिए तो 84 कोसी परिक्रमा का मार्ग भव्‍य रूप से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए और अयोध्‍या के रिंग रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है।”

भाषा आनन्द नरेश रंजन

रंजन


लेखक के बारे में