रिफाइनरी परियोजना में राज्य को 26 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रधानमंत्री की वजह से मिली: मुख्यमंत्री शर्मा
रिफाइनरी परियोजना में राज्य को 26 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रधानमंत्री की वजह से मिली: मुख्यमंत्री शर्मा
जयपुर, 22 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि ‘एचपीसीएल-राजस्थान ऑयल रिफाइनरी’ परियोजना में राज्य सरकार को 26 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से मिली थी।
शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की।
शर्मा ने चूरू में ‘शौर्य के साथ संकल्प दिवस’ कार्यक्रम के बाद एक जनसभा में कहा कि 2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को रिफाइनरी परियोजना में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी दी थी।
रिफाइनरी का उद्घाटन मंगलवार को होना था लेकिन एक दिन पहले सोमवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी के एक हिस्से में आग लगने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा “भ्रामक बयान” देकर रिफाइनरी परियोजना में हुई देरी और हालिया हादसे से ध्यान भटकाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि आग की घटना के दो दिन बाद भी दुर्घटना के कारणों पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।
गहलोत ने कहा कि राज्य की हिस्सेदारी 2013 में ही तय हो गई थी, जब परियोजना की नींव रखी गई थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने भी मुख्यमंत्री पर “तथ्यात्मक रूप से गलत व भ्रामक” बयान देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आधिकारिक रिकॉर्ड में स्पष्ट है कि 2013 में ही हिस्सेदारी तय हो चुकी थी।
जूली ने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि सार्वजनिक बयान देने से पहले तथ्यों की पूरी तरह से जांच कर लें।
उन्होंने यह भी कहा कि 2013 से 2018 के बीच, जब राज्य में भाजपा की सरकार थी, परियोजना का काम ठप पड़ा रहा।
जूल ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद रिफाइनरी स्थल का दौरा तो किया लेकिन वहां हुई चर्चाओं की विस्तृत जानकारी जनता के साथ साझा नहीं की।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


